मेरी दुनिया...

Saturday, August 9, 2008

नन्हे पैरों के नाम.......


( १ )

हम हैं मोर,हम हैं मोर

कूदेंगे , इतरायेंगे -

पंखों का साज बजायेंगे,

आपका मन बहलाएँगे ।

हम है मोर,हम हैं मोर

नभ में बादल छाएंगे,

हम छम-छम नाच दिखायेंगे

आपको नाच सिखायेंगे ।

हम हैं गीत,हम हैं गीत

दरिया के पानी का

मौसम की रवानी का

आपको गाना सिखायेंगे ।

हम हैं धूप,हम हैं छांव

आगे बढ़ते जायेंगे

कभी नहीं घबराएंगे

आपको जीना सिखायेंगे ।


( २ )

मैं हूँ एक परी

और मेरा प्यारा नाम है गुल

गर चाहूँ तो तुंरत बना दूँ

शूल को भी मैं फूल !

चाहूँ तो पल में बिखेर दूँ

हीरे,मोती ,सोना

पर इनको संजोने में तुम

अपना समय न खोना !

अपना ' स्व ' सबकुछ होता है

' स्व' की रक्षा करना

प्यार ही जीवन-मूलमंत्र है

प्यार सभी को करना !


( ३ )

मैं हूँ रंग-बिरंगी तितली

सुनिए आप कहानी,

मैं हूँ सुंदर,मैं हूँ कोमल

मैं हूँ बड़ी सयानी

इधर-उधर मैं उड़ती - फिरती ,

करती हूँ मनमानी ! मैं हूँ.................

फूलों का रस पीती हूँ

मस्ती में मैं जीती हूँ

रस पीकर उड़ जाती हूँ

हाथ नहीं मैं आती हूँ !

मैं हूँ रंग-बिरंगी तितली........


( ४ )

बिल्ली मौसी,बिल्ली मौसी

कहो कहाँ से आती हो

घर-घर जाकर चुपके-चुपके

कितना माल उडाती हो ।

नहीं सोचना तुम्हे देखकर

मैं तुमसे डर जाती हूँ

म्याऊं- म्याऊं सुनकर तेरी

अन्दर से घबराती हूँ !

चाह यही है मेरी मौसी

जल्दी तुमसे कर लूँ मेल

फिर हमदोनों भाग-दौड़ कर

लुकाछिपी का करेंगे खेल !

Monday, August 4, 2008

डर कैसा ?


जी चाहता है -

रेशमी सपनों के पंख पैरों में बाँध लूँ

और उड़ जाऊँ

निस्सीम आकाश का विस्तार मापने

पर अगले ही क्षण डर लगता है !

आँधियों का क्या भरोसा ?

समय का एक हल्का इंगित होते ही

नभ का कोना - कोना

धूल - गर्द गुबार से ढँक जाएगा

मेरे सारे मनसूबे दिशाहीन हो जायेंगे !

पर तेरे चरण चिन्ह , मेरे हौसले को बल देते हैं

पूरे ब्रह्माण्ड में तू विद्यमान है

साथ-साथ चलता है , प्यार करता है

तो फिर , डर कैसा ?

Friday, August 1, 2008

ज़माना बदल गया ..........



अब कोई नहीं कहता-
मैं वाणभट्ट होता तो 'कादम्बरी' लिखता
जयदेव होता तो 'गीत गोविन्द' लिखता
जायसी होता तो 'पद्मावत' लिखता....
काश ! कभी तू भूले से ही सही,
मेरे आँगन आ जाती
मैं हरसिंगार के फूल बनकर
तुम्हारा आँचल फूलों से भर देता !
कभी तुम कहती- तुम्हे कौन सा रंग पसंद है
मैं उसी रंग के फूलों का बाग़ लगा देता
उसके बीच खड़ी होकर तुम वनदेवी सी दिखती !
मैं क़यामत के दिन तक.............................................
जैसे शब्दों की गूंज ख़त्म हो गई
इसलिए लगता है, ज़माना बदल गया !

Tuesday, July 29, 2008

प्रकोष्ठ का द्वार खोलो.........


पोर-पोर में थकान लिए,
शरीर और मन दोनों से हार कर
तुम्हारी देहरी पर बैठी हूँ
प्रकोष्ठ का द्वार खोलो.....
तमस में घिरी हूँ,कुछ दिखाई नहीं पड़ता
कहाँ जाऊं, किधर जाऊं के उलझन में घिरी हूँ
प्रभु कृपा करो
अपने प्रभामंडल का आलोक प्रसारित करो
प्रकोष्ठ ................
मेरे विनम्र निवेदन की अर्जी को
किसी पत्थर जड़ी मंजुषा में मत डालो

पढने की बारी आने तक

मैं देहरी पर बैठे-बैठे दम तोड़ दूंगी

मुझे तुम्हारी समीपता चाहिए

मेरा आग्रह मानकर मुझे अपना लो

प्रकोष्ठ का..........

बैठ गई हूँ तो स्वयं उठ भी नहीं सकती

यह मेरी बेबसी और लाचारी है

तुम स्वयं 'उसकी' तरह तत्परता से आकर

मुझे बांहों में भरकर उठा लो

भीतर ले जाकर मेरे सर पर हाथ रखो,सुकून दो

और इंगित करो-

कहीं किसी देहरी पर बैठने की ज़रूरत नहीं

तुम्हारा विश्राम स्थल यह रहा

मैं जानती हूँ, तुम यह करोगे

प्रकोष्ठ का द्वार खोलो !

Friday, July 25, 2008

दाता !


हलकी नींद के आगोश से रात १२.१५ में उठकर लिखने पर विवश सी हो गई.......


शायद मैंने हाथ बढाये थे-

दर्द का दान देकर तुमने मुझे विदा कर दिया !

यह दर्द, निर्धूम दीपशिखा के लौ की तरह

तुम्हारे मन्दिर में अहर्निश जलता है।

कौन जाने, कल की सुबह मिले ना मिले

अक्सर तुमसे कुछ कहने की तीव्रता होती है

पर.......... सोचते ही सोचते,

वृंत से टूटे सुमन की तरह

तुम्हारे चरणों में अर्पित हो जाती हूँ !

Wednesday, July 16, 2008

मुक्ति??????


मेरे पास चिट्ठियों का अम्बार था,
आदतन,जिन्हें संभाल कर रखती थी
गाहे-बगाहे उलटते-पुलटते,
समय पाकर लगा-
अधिकाँश इसमें निरर्थक हैं-रद्दी कागजों की ढेर!
फिर.....मैंने उन्हें नदी में डलवा दिया !
मेरे पास कुछेक सालों की लिखी डायरियों का संग्रह था,
फुर्सत में-
पलटते हुए पाया,
उनके पृष्ठों पर आँसुओं के कतरे थे-
बाद में ये कतरे किसी को भिंगो सकते हैं,
ये सोच-मैंने मन को मजबूत किया,
फिर उन्हें भी नदी के हवाले कर दिया!
अब,....मेरे पास कुछ नहीं,
सिर्फ़ एक पोटली बची है-जिंदगी के लंबे सफर की!
यादें, जिसमें भोर की चहचहाती चिडियों का कलरव है!
यादें,जिसमें नदी के मोहक चाल की गुनगुनाहट है!
दिल जीतनेवाली अटपटी बातों की मधुर रागिनी है!
बोझिल क्षणों को छू मंतर करनेवाले कहकहों की गूंज है
जीत-हार और रूठने-मनाने का अनुपम खेल है!
खट्टी-मीठी बातों की फुलझडी है
दिन का मनोरम उजास है,
रात की जादुई निस्तब्धता है,
छोटी-छोटी खुशियों की फुहार में भीगने का उपक्रम है
और कभी न भुलाए जानेवाले दर्द का आख्यान भी है!
ख्याल आता है,
पोटली को बहा देती तो मुक्ति मिल जाती!........
पर अगले ही क्षण हँसी आती है
- मुक्ति शब्द -प्रश्न-चिन्ह बनकर खड़ा हो जाता है,
जिसका जवाब नहीं!!!
तो, जतन से सहेज रखा है -
यादों की इस पोटली को
जिस दिन विदा लूंगी -
यह भी साथ चली जायेगी!

Saturday, July 12, 2008

बहुत दिनों बाद.....


बहुत दिनों बाद ऐसा हुआ-
तकिये पर सिर टिका कर लेटी
तो पलकें गिराने का मन नहीं किया....
ये कोई नई बात नहीं थी,
बात नई यह थी-
आंखों में डाली दवा बही
बित्ते भर के फासले पर
तुम हो लेटी हुई
और मुझे दिखा एक रंग और कूची
रंग वही,जो अक्सर सभाल कर रख देती हूँ
मैं चुप, तुम्हे देखती रही-
आख़िर रहा नहीं गया,मैं बुदबुदाई -
तुम्हे रंग दूँ?
एकटक तुम मुझे देखती रही कुछेक क्षण
फिर धीरे से कहा-
क्या मैं तुम्हे बेरंग दिखती हूँ?
मैंने मन ही मन में कहा-नहीं, ऐसी तो बात नहीं,
बस , मन में आया
महज बित्ते भर के फासले से तुम बोली-'ज़रूरत नहीं'
और अगर है भी,
तो मुझमें रंग भरनेवाले बहुत हैं....
सकुचाती हुई मैं बोली,फुसफुसाती सी
मालूम है मुझे,बस मन किया
मेरे पास तो रंग भी बहुत नहीं
और कूची भी सिर्फ़ एक है
तुम जानती भी हो
वह रंग-'फीको पड़े न बरु फटे '
नाम क्या बताना?
रहीम को तो जानती ही हो
-"रहिमन धागा.....मत जोडो चटकाए
जोड़े से फिर न जुड़े, जुड़े गाँठ पड़ जाए!"
तुम चुपचाप मुझे देखती रही-फिर बोली
'मुझे कुछ नहीं बोलना................'
बोलना था मुझे,
पर तुम पर निरर्थक परेशानी लाद दूँ
सोच कर चुप हो गई!
अचानक तुमने करवट ले ली-
मैंने अपनी छाती सहलाई!
ख़ुद से पूछा -'क्या मेरी छाती में दर्द हो रहा है?'
ख़ुद पर चिडचिडाते हुए बड़बडाई -
तो मरो तुम!
मूर्खाधिराज ! रंग पलट दो,कूची तोड़ दो
किसी पंख फटकारते पक्षी की ताकत लगाकर
तोड़ दो जिंदगी की तीलियाँ
और उड़ जाओ!
उठ कर मैंने रंग और कूची संभाल कर रख दी
कौन जाने कभी काम आए
और इसके सिवा अपने पास है भी क्या ?
अपनी बेबसी की लम्बी साँस लेकर
तकिये पर जब फिर लेटी
तो आंखों से पानी आने लगा
' रे मन मूरख जनम गंवायो'